चंदखुरी से आरंग तक 71 किलोमीटर की सामाजिक सद्भाव कांवड़ यात्रा, बारिश में भी नहीं थमे कांवड़ियों के कदम
📡36garhnewsupdate.com


आरंग। 22/08/2026
माता कौशल्या की पुण्यभूमि चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक आयोजित तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हजारों कांवड़ियों की मौजूदगी में हुआ। कैबिनेट मंत्री एवं यात्रा संयोजक गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में निकली 71 किलोमीटर लंबी यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता, समरसता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया जा रहा है।
यात्रा के दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। बारिश और कठिन रास्तों के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ यात्रा में शामिल रहे।
यात्रा संयोजक गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का जनअभियान है। इसका उद्देश्य समाज में भेदभाव और दूरियों को समाप्त कर प्रेम, अपनत्व और समानता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का भाव ही समरस समाज की आधारशिला है।

यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर सर्वसमाज के पदाधिकारियों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। गांव-गांव में मिल रहा जनसमर्थन यात्रा के सामाजिक संदेश को मजबूती प्रदान कर रहा है।
यात्रा के प्रथम दिवस चंदखुरी से कांवड़ यात्रा प्रारंभ होकर चंदखुरी फार्म, नगपुरा, मौली माता चौक, सकरी, अमेरी, टेकारी और डीघारी मोड़ होते हुए ग्राम नारा पहुंची, जहां रात्रि विश्राम किया गया। इस दौरान ग्राम नारा में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। दुर्गा साहू की पंडवानी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रंग भर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।

कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला प्रभारी रायपुर ग्रामीण सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, यात्रा संयोजक गोबिंद साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सर्वसमाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



