
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिला सहकारी बैंक नें की त्वरित कार्रवाई…
रायपुर, छत्तीसगढ़। 22 मई 2026
सुशासन तिहार 2026 के दौरान प्राप्त जन शिकायतों पर राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है, इसी क्रम में कोरिया जिले की जिल्दा समिति, खड़गंवा में खाद वितरण से जुड़े गबन प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी कोरिया कल्लु प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खाद वितरण में अनियमितता एवं गबन की शिकायतें सामने आने के बाद मामले की गंभीरता से समीक्षा की गई, जांच के दौरान कार्रवाई में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा सहायक लेखापाल एवं प्रभारी शाखा प्रबंधक कल्लु प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शाखा बैकुंठपुर, जिला कोरिया निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, यही कारण है कि आमजन से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक एवं संस्थागत स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।



