*साल्हेओना में सरस्वती सायकल योजना के तहत 46 छात्राओं को किया गया सायकल वितरण*

बरमकेला। शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत बरमकेला विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साल्हेओना में साइकिल वितरण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणीग्राही, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक, जिला पंचायत सदस्य सहोदरा सिदार एवं डॉ. अभिलाषा कैलाश नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 46 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं।
*बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में सार्थक पहल*
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पूर्व में ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों की छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी, जिसके कारण कई बालिकाएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती थीं।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा कक्षा 9वीं में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की जा रही है, ताकि वे सुरक्षित और समय पर विद्यालय पहुंच सकें तथा अपनी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रख सकें।
*साइकिल से आत्मविश्वास और शिक्षा से सफलता*
उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे साइकिल को तेज़ गति से चलाने के लिए संतुलन, सूझबूझ और आत्मविश्वास की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए सही दिशा, विश्वास और आत्मबल जरूरी है। उन्होंने सभी छात्राओं से अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रयास करने का आह्वान किया।
*जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया छात्राओं का उत्साह*
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणीग्राही एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राधामोहन पाणीग्राही, जिला शिक्षा अधिकारी श्री डहरिया, चुनामडी पटेल, ईश्वर साहू सहित विद्यालय परिवार के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अवधराम बेहरा द्वारा किया गया।
यह आयोजन न केवल छात्राओं के लिए उपयोगी सिद्ध हुआ, बल्कि बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में शासन की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।


