*5 गोल्ड मेडल लेकर जिले का मान बढ़ाया नम्रता गुप्ता ने*

रायगढ़/पुसौर— ग्रामीण परिवेश में पली बढ़ी पुसौर जनपद के टिनमिनी गांव की प्रतिभाशाली,होनहार बेटी नम्रता गुप्ता ने संगीत के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में 17 वे दीक्षांत समारोह में नम्रता ने एम पी ए गायन में सत्र 2023—24 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर राज्यपाल महामहिम रामेन डेका के हाथों 5 स्वर्ण पदक प्राप्त अपने गांव , अंचल के साथ जिले का गौरव बढ़ाया है।
*बचपन से ही संगीत में थी रुचि*
नम्रता के पिता सदानंद गुप्ता एवं माता ज्योत्स्ना गुप्ता कृषक परिवार से है, प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही करके हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की पढ़ाई अभिनव विद्या मंदिर पुसौर की।
पिता घर में ही संगीत गायन वादन करते थे इसलिए बचपन से ही नम्रता की रुचि संगीत में रही, पिता जी प्रथम गुरु ने घर में ही बेटी की संगीत में नींव मजबूत की, वहीं पुसौर के संजीव कसेर जी का मार्गदर्शन हर कदम पर मिलता रहा जिससे नम्रता को उच्च शिक्षा हेतु आगे खैरागढ़ में अध्ययन का मार्ग प्रशस्त हुआ। कसेर जी ने अपने अथक प्रयास से नम्रता को इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में दाखिला करवाया। इसी तारतम्य में ग्राम कोतासुरा निवासी डमरूधर मालाकार से सुर लय ताल का मर्म को गहराई से जाना जो कि आज की सफलता में एक अहम कड़ी बने।


*शुरू से मेधावी छात्रा रही नम्रता*
अध्ययन में हमेशा अव्वल रहने वाली नम्रता मेधावी छात्रा के रूप में जानी जाती थी,उच्च शिक्षा में संगीत में नीट एग्जाम क्लियर किया और वही गजल गायकी के क्षेत्र में नेशनल स्कॉलरशिप हासिल किया जो कि एक बहुत ही कठिन कार्य है। नम्रता वर्तमान में दुधाधारी बजरंग महिला विद्यालय में संगीत में अस्सिटेंट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही है और बच्चों को एक नई दिशा प्रदान कर रही हैं
पांच गोल्ड मेडल मिलने से माता पिता का कहना है कि हमने जो एक तपस्या की थी वह तपस्या सफल रही और 5 गोल्ड मेडल हमको आशीर्वाद स्वरूप प्राप्त हुए है। नम्रता की इस कामयाबी पर गांव के सभी बहुत खुश है साथ ही पुसौर अंचल में भी हर्ष व्याप्त है