* मास्टर एथलेटिक्स में प्रधान पाठक जुगेंद्र साहू ने जीते 4 पदक, स्कूल में हुआ भव्य स्वागत*

बरमकेला विकासखंड के प्राथमिक शाला चांटीयाली के प्रधान पाठक जुगेंद्र प्रसाद साहू ने मध्यप्रदेश के जबलपुर में आयोजित 45वें राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने कुल 4 पदक जीते, जिनमें 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
13 से 15 फरवरी तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 21 राज्यों के धावकों ने भाग लिया था। जुगेंद्र प्रसाद साहू ने अपने आयुवर्ग में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए 200 मी रजत पदक, 100 मी कांस्य पदक, 30 आयुवर्ग रिले रेस 400×100 मीटर में रजत पदक, और 35 आयुवर्ग रिले रेस 4×400 मीटर में कांस्य पदक प्राप्त किया।
मेडल के साथ स्कूल पहुंचे जुगेंद्र साहू का भव्य स्वागत किया गया। स्कूल के प्रधान पाठक चुडामणी चौहान और स्टाफ ने लड्डू खिलाकर बधाई दी और बच्चों ने आरती और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया।
प्रधान पाठक चुडामणी चौहान ने उन्हें माला पहनाकर और लड्डू खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधान पाठक जुगेंद्र साहू की यह उपलब्धि न केवल स्कूल बल्कि पूरे शिक्षा विभाग और राज्य के लिए गौरव की विषय है।
जुगेंद्र साहू सिर्फ खुद नहीं दौड़ते, बल्कि अपने छात्रों को खेल एवं योगा की नियमित सुबह एवं शाम छात्रों एवं आसपास के युवा एवं बच्चों को सिखाते हैं। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल और राज्य का नाम रोशन हुआ है।