बरमकेला पुलिस को चोरी के मामले में बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़, 20 जुलाई।
थाना बरमकेला पुलिस ने ग्राम प्रधानपुर स्थित निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन से सरिया और पाइप चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय तथा डीएसपी संतोषी ग्रेस के निर्देशन में चोरी एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी ए.के. बेक के नेतृत्व में बरमकेला पुलिस ने 19 जुलाई को मामले की त्वरित जांच शुरू की।
प्रार्थी द्वारा निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन से अज्ञात चोरों द्वारा सरिया और पाइप चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस पर थाना बरमकेला में अपराध क्रमांक 96/26, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने लंबोदर चौहान (44 वर्ष), निवासी प्रधानपुर तथा धनेश्वर चौहान (35 वर्ष), निवासी बेंगची, थाना बरमकेला को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सरिया और पाइप बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 20 जुलाई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी ए.के. बेक, प्रधान आरक्षक देवांगन, भवानी धनगढ़ तथा थाना बरमकेला के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


